मौसम बदलते ही हमें कई तरह की बीमारियां घेर लेती है, लेकिन खांसी होना एक आम बात है। हालांकि, कई बार ये खांसी बढ़ते-बढ़ते इतना विकराल रूप धारण कर लेती है, जिससे हमें कई दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में फिर हम कई तरह की दवाइयों का सेवन करते हैं, पर कई बार ये दवाइयां भी हमारे काम नहीं आ पाती। लेकिन आपको घबराने की जररूत नहीं है क्योंकि कुछ ऐसे घरेलू नुस्खे हैं, जिनकी मदद से आपको खांसी में काफी आराम मिल सकता है। तो चलिए जानते हैं उन नुस्खों के बारे में।

आपको अगर खांसी से छुटकारा चाहिए, तो सबसे पहले आपको ठंडे पानी की जगह गुनगुने पानी का सेवन करना चाहिए। ये पानी पीने से हमारे शरीर को गर्माहट मिलती है और गले में मौजूद बैक्टीरिया खत्म हो जाते हैं। इसके अलावा गुनगुने पानी में नींबू के रस को मिलाकर पीने से भी खांसी में आराम मिलता है। एक गिलास गुनगुने पानी में थोड़ा शहद, नींबू का रस मिलाकर रात को सोने से पहले इसका सेवन करने से खांसी में काफी आराम मिल सकता है।
गर्म पानी पीने से गले में जो कफ जमा होता है, उसे कम करने में काफी मदद मिलती है। खांसी में अगर आपको राहत चाहिए, तो आप गर्म पानी और नमक का घरेलू नुस्खा अपना सकते हैं। इसमें आपको करना ये है कि गर्म पानी (जितना गर्म आप सहन कर सके) में थोड़ा नमक डाल दें और फिर इस पानी से अच्छे से गरारे करें। ऐसा करने से आपकी खांसी धीरे-धीरे करके कम हो सकती है, और साथ ही आपके गले में होने वाले दर्द में भी आपको राहत मिल सकती है। गरारे रोज सुबह और रात को सोने से पहले करने से लाभ मिल सकता है।
खांसी होने पर आप शहद और काली मिर्च की भी मदद ले सकते हैं। इसके लिए आपको एक चम्मच शहद में थोड़ी पीसी हुई काली मिर्च डालकर इसका सेवन करना है। इससे आपको काफी आराम मिल सकता है। इसके अलावा आप एक और नुस्खा अपना सकते हैं। इसमें आपको आधा चम्मच शहद में एक चुटकी इलायची पाउडर और कुछ बूदें नींबू के रस की डालनी है। इसके बाद इसका सेवन दिन में कम से कम दो बार जरूर करें। इससे आपको खांसी में काफी राहत मिल सकती है।

एक छोटे अदरक के टुकड़े को गैस पर पहले तो गर्म कर लें और फिर इस पर शहद लगाकर इसका सेवन करने से भी खांसी में आराम मिल सकता है। अदरक का रस पीने से भी आपको लाभ हो सकता है। इसके लिए आप अदरक के रस में शहद मिलाकर इसका सेवन कर सकते हैं। वहीं, लहसुन और घी के सेवन से भी आपको खांसी में राहत मिल सकती है। आपको करना ये है कि लहसुन को घी में भूनकर इसका सेवन गर्म ही करना होगा, ताकि आपको खांसी में जल्द से जल्द आराम मिल सके।
नोट: यह सलाह केवल आपको सामान्य जानकारी प्रदान करने के लिए दी गई है। आप किसी भी चीज का सेवन या कोई भी घरेलू उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर या विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।