महिलाओं को हर महीने पांच से सात दिनों तक पीरियड्स होते हैं। इस दौरान महिलाओं को कई कठिनाईयों का भी सामना करना पड़ता है। जैसे- इस दौरान महिलाओं को पेट में काफी दर्द उठता है, कई महिलाओं को बेचैनी व कमजोरी होने लगती है। इस दौरान महिलाओं को कुछ भी अच्छा नहीं लगता और उनका मन अपने कामकाज में भी नहीं लग पाता। ऐसे में महिलाओं को अपने खानपान से लेकर अपने रहन सहन तक की बातों पर खास ध्यान देना चाहिए। तो चलिए उन बातों के बारे में जानते हैं जो महिलाओं को पीरियड्स के दौरान ध्यान देनी चाहिए।
महिलाएं पैड का इस्तेमाल करती हैं, लेकिन जब महिलाओं को कम ब्लीडिंग होती है तो वो एक पैड को काफी लंबे समय तक पहने रहती हैं। लेकिन कभी भी एक ही पैड का लंबे समय तक उपयोग नहीं करना चाहिए, क्योंकि ऐसा करने से ये संक्रमण की बड़ी वजह हो सकती है। यही नहीं, कई बार तो महिलाएं पैड बदलने में आलस कर जाती हैं, लेकिन ऐसा करना संक्रमण को न्यौता देने जैसा हो सकता है। एक निश्चित अंतराल पर पैड को बदलते रहना चाहिए, क्योंकि इसी से आप संक्रमण से बच सकती हैं।

आपने कई ऐसी महिलाओं को देखा होगा जो अपने को फिट बनाने के लिए अपना वजन कम करती हैं, और इसके लिए वो डाइटिंग करती हैं। वो पीरियड्स के दौरान भी अपने खानपान पर ध्यान नहीं देती हैं, जिसकी वजह से इसका सीधा असर उनकी सेहत पर पड़ सकता है। आप अगर डाइटिंग पर हैं, तो ठीक है। लेकिन पीरियड्स के दौरान आपको अपने खानपान में पौष्टिक आहार जरूर शामिल करना चाहिए, क्योंकि तभी आप सेहतमंद रह सकते हैं।

कई महिलाएं पीरियड्स के दौरान भी हार्ड साबुन से अपने जननांगों को साफ करती हैं। लेकिन ऐसा कभी नहीं करना चाहिए क्योंकि अगर आप पीरियड्स के दौरान ऐसा करते हैं, तो इससे आपकी त्वचा में ड्राईनेस यानी रूखा पन बढ़ सकता है और ये ही आगे चलकर खुजली या फिर संक्रमण की वजह बन सकता है। अगर आप ये सोच रहे हैं कि फिर हम इसकी जगह क्या इस्तेमाल कर सकते हैं, तो हार्ड साबुन की जगह आप जननांगों को साफ करने के लिए अल्कोहल वाले वेट टिशू पेपर का इस्तेमाल कर सकते हैं।
अगर जो महिलाएं रोजाना काफी भारी व्यायाम करती हैं, तो आपको पीरियड्स के दौरान ये नहीं करना चाहिए। ऐसा इसलिए भी कहा जाता है क्योंकि अगर आप पीरियड्स के दौरान व्यायाम करते हैं तो आपकी कमर में दर्द व अकड़न हो सकती है। इसके अलावा पीरियड्स के समय बहुत तंग कपड़े भी नहीं पहनने चाहिए। यही नहीं, पीरियड्स इस समय महिलाओं को मीठा या फिर जंक फूड खाने की काफी क्रेविंग (काफी इच्छा) होती है, लेकिन आपको ऐसे खाने से बचना चाहिए, जो आपके लिए हेल्दी नहीं है।
नोट: यह सलाह केवल आपको सामान्य जानकारी प्रदान करने के लिए दी गई है। आप किसी भी चीज का सेवन या कोई भी घरेलू उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर या विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।